Friday, September 11, 2026
HomeLatest Newsआचार्य सौरभ सागर जी महाराज के सानिध्य में असीम अरुण का हुआ...

आचार्य सौरभ सागर जी महाराज के सानिध्य में असीम अरुण का हुआ सम्मान

मेरठ। रेलवे रोड स्थित वर्धमान एकेडमी में परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में धार्मिक एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माननीय श्री असीम अरुण जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जैन मंदिर रेलवे रोड एवं मंदिर कमिटी के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी ने स्वागत भाषण के माध्यम से मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया।

आचार्य श्री सौरभ सागर महाराज जी के मंच पर मंगल आगमन के साथ ही पूरा प्रांगण गुरु भक्ति के जयकारों से गूंज उठा। पूज्य गुरुदेव के चरणों में दीप प्रज्ज्वलन और आरती की गई। इसके बाद आचार्य श्री ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, सन्मार्ग और समाज सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का मंगल आशीर्वाद दिया।

समारोह में जैन समाज एवं जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी की ओर से मंत्री श्री असीम अरुण जी को पूज्य आचार्य श्री के सानिध्य में शॉल, स्मृति चिन्ह एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। जैन समाज ने उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता, दूरदर्शिता तथा समाज सेवा के प्रति समर्पण की सराहना की और उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं तेजस्वी जीवन की मंगल कामना की।

अपने संबोधन में श्री असीम अरुण जी ने पूज्य आचार्य श्री को श्रीफल अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और सम्मान के लिए जैन समाज के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित रहने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए जैन समाज की अहिंसा, करुणा, त्याग और उच्च नैतिक मूल्यों पर आधारित जीवनशैली की प्रशंसा की।

मंत्री जी ने कहा, “जैन समाज सदैव से अहिंसा, करुणा, त्याग और उच्च नैतिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। समाज कल्याण, शिक्षा, चिकित्सा और परोपकार के क्षेत्रों में जैन समाज का योगदान अतुलनीय और अनुकरणीय है।”

उन्होंने आगे कहा, “जैन समाज की निस्वार्थ सेवा भावना और अनुशासित जीवन शैली हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। मैं विश्वास दिलाता हूँ कि समाज के हर जनहितैषी प्रयास, उत्थान और कल्याणकारी कार्यों में मैं सदैव जैन समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहूँगा तथा समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित भाव से सहयोग करता रहूँगा।”

कार्यक्रम में अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी, श्री सुरेंद्र जैन, श्री योगेश जैन, नेटवर्क 10 न्यूज चैनल के डायरेक्टर श्री नीरज जैन, समिति के समस्त पदाधिकारी तथा जैन समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह धार्मिक आस्था, सामाजिक सेवा और जनकल्याण के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

 

 

भवदीय:
समस्त जैन समाज
जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी
वर्धमान एकेडमी, रेलवे रोड, मेरठ

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments