Friday, March 27, 2026
HomeUncategorizedपीएम सूर्य घर योजना से 30 लाख घर रोशन, बिजली बिल में...

पीएम सूर्य घर योजना से 30 लाख घर रोशन, बिजली बिल में राहत; प्रधानमंत्री मोदी ने भी सराहा


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देश में 30 लाख घरों में रूफटॉप सोलर लगाने की उपलब्धि को भारत की स्वच्छ ऊर्जा यात्रा का बड़ा मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक योजना नहीं, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम है। प्रधानमंत्री ने योजना के लाभार्थियों को बधाई दी और इसे बचत, स्थिरता और आत्मनिर्भरता से जुड़ा जनआंदोलन बताया।प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि रूफटॉप सोलर अपनाने वाले परिवारों ने न केवल अपने बिजली बिल में कमी लाई है, बल्कि देश को हरित ऊर्जा की ओर आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह योजना ऊर्जा सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल और भविष्य के लिए तैयार भारत बनाने की सरकार की सोच का हिस्सा है।

30 लाख घरों तक पहुंची योजना

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत अब तक 30 लाख घरों में सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। उन्होंने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। जोशी ने कहा कि यह कदम सूरज की रोशनी को बचत और सतत विकास में बदलने का उदाहरण है। इससे बिजली बिल कम हो रहे हैं और ऊर्जा सुरक्षा मजबूत हो रही है।

बचत और आत्मनिर्भरता पर जोर

सरकार का दावा है कि रूफटॉप सोलर से आम परिवारों को सीधा फायदा मिल रहा है। बिजली खर्च में कमी के साथ अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेचने का भी विकल्प मिलता है। इससे परिवारों की आय में भी बढ़ोतरी हो सकती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह योजना लोगों को आत्मनिर्भर बना रही है और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रही है।

हरित परिवर्तन की रफ्तार

प्रह्लाद जोशी ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हो रहे हरित परिवर्तन की गति को दर्शाती है। सरकार का लक्ष्य देश को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा के पारंपरिक स्रोतों पर निर्भरता घटाकर सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है।प्रधानमंत्री ने दोहराया कि आने वाले समय में और अधिक घरों को इस योजना से जोड़ा जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि हर परिवार तक सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा पहुंचे। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इसी गति से रूफटॉप सोलर का विस्तार होता रहा तो भारत ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments